नव्या की यूनिवर्सिटी की शुरुआत

आज मैं अपनी सबसे बड़ी बेटी को, अपनी firstborn को — मैं उसे हमेशा यही कहता हूं — उसकी university छोड़ने जा रहा हूं। नव्या University of Essex में Bachelor’s Honours LLB, Law with Business करेगी। Obviously मुझे बहुत proud feel हो रहा है, क्योंकि यह एक बहुत अच्छी बात है। पर इसके साथ-साथ एक अजीब सा एहसास भी हो रहा है — मैं कभी सोचता हूं कि किस तरीके से ज़िंदगी बहुत तेज़ी से… नहीं, बदलती नहीं, बल्कि बहुत तेज़ी से adjust हो जाती है।

अभी तो वो पैदा हुई थी। मुझे याद है, उसकी एक छोटी सी फोटो है उसी दिन की, जिस दिन वो पैदा हुई थी — हमने वो फोटो खींची थी। सोचो, उस बात को अट्ठारह साल गुज़र गए, और पता भी नहीं चला। आज वो university जा रही है। थोड़ी सी nervous है, anxious भी है, excited भी है। मैं भी हूं।

सबसे ज़्यादा hit यह करेगा कि जब उसे छोड़ के हम वापस आएंगे, और उसके खाली bedroom को देखेंगे — तब लगेगा। पर वो पास है, करीब है, यह भी एक तरीके का reassurance है। मैं भी आया था, जब मैं masters करने के लिए आया था, पर वो तो बहुत दूर था। नव्या पास ही है, और यह बात थोड़ा सुकून देती है।

पता नहीं, मैं इस blog को आगे continue करूंगा कि नहीं, फिलहाल तो मैं काफी busy हूं इसलिए अभी उस mindset में नहीं हूं। पर मैं इसे properly लिखूंगा, update करता रहूंगा।

कई बार मैं सोचता हूं कि बच्चे कितने छोटे होते हैं और फिर कैसे एकदम झट से बड़े हो जाते हैं। यह बात लोग हज़ारों सालों से कहते आ रहे हैं, पर जब हम उस दौर से गुज़र रहे होते हैं तब हम इसे महसूस नहीं करते। एहसास बाद में होता है। मेरे बच्चे आज भी मेरे लिए छोटे ही हैं, लेकिन जब वो बिल्कुल छोटे थे, एक साल, दो साल, तीन साल के, और हम उनके साथ खेल रहे होते थे, तब पता ही नहीं होता था। तब लगता है कि यही ज़िंदगी है और यही हमेशा चलती रहेगी। और फिर झट से एक दिन देखते हैं कि अरे, ये तो बहुत बड़े हो गए।

आज मुड़ के देखता हूं तो वो वक्त मुझे आसान लगता है, पर शायद उस वक्त की अपनी दिक्कतें थीं। अब चिंता का रूप बदल गया है, ख़ासकर तब जब बच्चे अकेले होते हैं, दूर होते हैं। मन में चलता रहता है कि सब ठीक तो है, कोई परेशानी न हो, उन्हें कुछ हो न जाए। जब वो छोटे थे और हमेशा साथ थे, तब शायद मैं उनका ज़्यादा ध्यान रख पाता था। फिर वो स्कूल जाने लगे, तब भी चिंता रहती थी कि स्कूल में क्या हुआ होगा, किसी ने परेशान तो नहीं किया। Parent होने के नाते यह फिक्र कभी जाती नहीं।

Parent बनने की भी अपनी stages होती हैं। जब आप बिल्कुल नए parent होते हैं तो concern अलग तरह का होता है। अच्छा भी लगता है, और एक तरह का गर्व भी होता है बच्चे को देख के कि देखो, यह हमने बनाया है। उससे एक attachment और bonding रहती है। और फिर जब वो बड़े होते हैं तो प्यार का रूप बदल जाता है। हर stage की feeling अलग है, और सच कहूं तो बहुत interesting है।

पर इंसान वक्त के साथ हर चीज़ का आदी भी हो जाता है। आज नव्या university गई है तो पल-पल सोच रहा हूं कि पता नहीं क्या कर रही होगी, अकेली है, कहीं headless chicken की तरह तो नहीं घूम रही, घबराई तो नहीं होगी। अभी मैं बार-बार Find My पर चेक कर रहा हूं कि वो है कहां। अच्छा, यहां घूम रही है, शायद student union गई है, शायद किसी shop के पास है। पर कुछ दिनों में मुझे इसकी आदत हो जाएगी और मैं फॉलो करना भी भूल जाऊंगा।

मुझे याद है, एक बार रूना को अचानक इंडिया जाना पड़ा था। उसी वक्त मुझे काम पर जाना था, आदित्य मम्मा के साथ चला गया था, और सिया को स्कूल छोड़ना था, नव्या को भी अपने स्कूल जाना था। नव्या तब तक बस से जाती थी और हम उसे stop तक छोड़ते थे। उसे नया-नया license मिला था, पर अभी तक वो जब भी गाड़ी चलाती थी, हमारे साथ ही चलाती थी, अकेले कभी नहीं। हमारे पास कोई और option था ही नहीं, तो मैंने उससे कहा कि नव्या, तू सिया को स्कूल छोड़ेगी और फिर अपने स्कूल जाएगी।

उस बच्ची ने एक बार भी flinch नहीं किया। एक बार भी नहीं कहा कि पापा, मैं नहीं करूंगी। नव्या हमेशा ऐसी ही रही है। हर चीज़ के लिए ready, कभी कोई problem लेकर नहीं आती, कभी “नहीं” नहीं बोलती, और हमेशा सुनती है। बस इतना कहा, “मैं छोड़ दूंगी पापा”, और चली गई। और मेरा कलेजा मुंह को आ गया। मेरी भी हालत ख़राब थी, रूना की भी। हम दोनों लगातार फोन पर map में देख रहे थे कि वो कहां-कहां जा रही है। वो बहुत जुझारू लड़की है। अंदर से शायद उसका दिल एक सौ बीस की रफ़्तार से धड़क रहा होगा, पर चेहरे पर एकदम शांति थी। उसने सिया को drop किया, और फिर अपने स्कूल गई।

एक बात और है जो मैं सबसे ज़्यादा miss करूंगा। जब भी मुझे किसी भी तरह की help चाहिए होती थी, कोई physical काम हो, कुछ DIY टाइप का, या कोई ऐसा जिस पर मैं भरोसा कर सकूं, तो मैं हमेशा नव्या को ही बुलाता था। बस एक आवाज़ देता था और वो मेरे साथ खड़ी होती थी। वो कभी मना नहीं करती, जब तक काम पूरा न हो जाए वहीं रहती है, और मेरे लिए extra काम भी कर देती है। यही वो चीज़ है जो मुझे सबसे ज़्यादा खलेगी, बहुत ज़्यादा।

Leave a Reply